चंडीगढ़, 16 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपनी सरकार के चार साल पूरे होने पर बड़ी उपलब्धियां गिनवाईं। चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में सीएम मान ने कहा कि राज्य में खेल, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है।
मान ने बताया कि पंजाब गांवों में खेल के मैदानों में ऐतिहासिक निवेश कर रहा है। 1,100 करोड़ रुपये से 3,000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 6,000 अन्य मैदानों पर काम जल्द शुरू होगा। युवाओं में फिटनेस और खेल को बढ़ावा देने के लिए गांवों में 6,000 इनडोर जिम बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ओलंपिक पदक जीतने वाले पंजाबी हॉकी खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी जा रही है। महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेताओं को 4.91 करोड़ रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस बार का हॉकी एशिया कप भी पंजाब होस्ट करेगा। जालंधर और मोहाली में इसके मैच होंगे।
सीएम ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के तहत हर महिला को 1,000 रुपये मासिक देने का वादा पूरा किया गया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसा कि उन्होंने हर घर 15 लाख और रोजगार का वादा किया था, जिसे बाद में जुमला कहा गया।
मान ने बताया कि पंजाब में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई। एक पटवारी भर्ती परीक्षा पर संदेह के बाद सरकार ने दोबारा परीक्षा करवाई। दोबारा परीक्षा में वही उम्मीदवार सफल हुए जिन्होंने मेहनत से पढ़ाई की थी।
पंजाब के 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों में अब तक 7 करोड़ 40 लाख से अधिक सैनिटरी पैड महिलाओं को मुफ्त दिए जा चुके हैं।
ये भी देखे: पंजाब में निवेश करें, सरकार आपको पूरा सहयोग और रियायतें देगी – सीएम भगवंत मान