लंदन में आलीशान घर में चोर ने किया हाथ साफ
110 करोड़ के करीब सामान किया चोरी
लंदन, 1 जनवरी : लंदन में एक चोर ने आलीशान घर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है, जानकारी के अनुसार चोर ने करीब 110करोड़ रुपए की चोरी की है, जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। जानकारी अनुसार लंदन में एक भव्य हवेली में डाका डालकर चोर 13.2 मिलियन डॉलर (लगभग 110 करोड़ रुपये) के गहने, डिजाइनर हैंडबैग और नकदी ले उड़े। घटना 7 दिसंबर को हुई, जब घर के मालिक, एक इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर और उनके रियल एस्टेट डेवलपर पति, घर पर मौजूद नहीं थे। घटना रीजेंट्स पार्क के पास लंदन के सबसे संपन्न इलाकों में से एक में हुई। पुलिस अब इस हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच कर रही है। घर के मालिकों ने बताया कि चोरी हुए सामान में 10.73 कैरेट का डायमंड रिंग, डायमंड ईयररिंग्स और सोने, हीरे और नीलम जड़े आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा, करीब 1.89 लाख डॉलर के डिजाइनर हैंडबैग भी गायब हैं। घटना के समय घर में कर्मचारी मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर से एक हाउसकीपर का सामना होते-होते बचा। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिटेक्टिव कॉन्स्टेबल पाउलो रॉबर्ट्स ने कहा कि चोर ने हथियार के साथ घर में प्रवेश किया। पुलिस द्वारा इस घटना को लेकर बारीकी के साथ जांच की जा रही है।
68