शादी समारोह में चली गोली से छोटी बच्ची की मौत व मां घायल
नई दिल्ली, 12 दिसंबर : एक शादी समारोह में हो रही फायरिंग के दौरान एक छोटी बच्ची की मौत होने तथा उसकी मां के घायल होने समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार दादरी शहर के उत्सव गार्डन में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गत देर रात बारातियों की फायरिंग के दौरान घर लौट रही 13 वर्षीय जीया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना उस समय हुई जब झज्जर जिले के बहु गांव निवासी अशोक कुमार अपनी पत्नी सविता, बेटी जीया और बेटे मयंक के साथ दोस्त की बेटी का कन्यादान करने दादरी आए थे। फायरिंग गार्डन के गेट पर की जा रही थी, जब मां-बेटी घर जाने के लिए निकल रही थीं। घटना में जीया को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सविता को छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं। दोनों को तुरंत दादरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीया को मृत घोषित कर दिया और सविता का इलाज जारी है। फायरिंग करने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश आरंभ कर दी गई है।
शादी समारोह में चली गोली से छोटी बच्ची की मौत व मां घायल
112