कपूरथला, 21 जून 2025: कपूरथला सेंट्रल जेल में बंद 23 वर्षीय कैदी गुरविंदर सिंह, जो सुल्तानपुर लोधी गांव का निवासी और हरजिंदर सिंह का बेटा था, की शुक्रवार (20 जून 2025) देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार, गुरविंदर की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत कपूरथला सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अपने कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. आशीष पाल सिंह ने बताया कि गुरविंदर को रात करीब 1:30 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। कपूरथला पुलिस का कहना है कि वे कपूरथला सेंट्रल जेल प्रशासन और अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश कर रहे हैं। अभी तक कोई ठोस सबूत या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद जांच की दिशा तय होगी।
ये भी देखे: संगरूर जेल से चल रहा था तस्करी का रैकेट, डीएसपी गिरफ्तार, छापे में 9 मोबाइल सहित अफीम जब्त