मणिपुर में हथियारों का बड़ा जखीरा किया बरामद
हिंसा रोकने के लिए चलाया जा रहा है अभियान
नई दिल्ली, 23 दिसंबर : मणिपुर में पुलिस अधिकारियों तथा सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान बड़ा हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों को जो सामान मिले उनमें एसएलआर गोला-बारूद के 11 जिंदा राउंड, एसएलआर की एक मैगजीन, एसएलआर के 66 खाली कारतूस, एक रेडियो सेट बैटरी और एंटीना, 102 खाली एके 47 कारतूस, दो खाली एसएलआर कारतूस, एक 12-बोर कारतूस और एक स्थानीय रूप से निर्मित बम शामिल हैं। बता दें कि मणिपुर में अभी तक हिंसा का दौर जारी है। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच मणिपुर सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया। मणिपुर पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि ये अभियान क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए चलाए गए थे। मणिपुर पुलिस के अनुसार, इम्फाल पश्चिम और कांगपोकपी जिलों के अंतर्गत फेयेंग पोरोम हिल और के सोंगलुंग क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कई सामान बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मणिपुर में हथियारों का बड़ा जखीरा किया बरामद
60