ईरान में खदान में धमाका होने से मरे कई मजदूर, कई फंसे

by TheUnmuteHindi
ईरान में खदान में धमाका होने से मरे कई मजदूर, कई फंसे

तेहरान, 23 सितंबर : ईरान में एक कोयला खदान में धमाका होने के कारण बड़ा हादसा हो गया, जिस कारण वहां 34 लोगों की मौत हो गयी और 17 अन्य लोग घायल हो गए। ईरान के नए सुधारवादी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि उन्होंने खदान में फंसे लोगों को बचाने तथा उनके परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट की जांच शुरू कर दी गयी है। ऐसी आशंका है कि 18 अन्य श्रमिक खदान में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त खदान में करीब 70 लोग काम कर रहे थे। जमीन से नीचे 700 मीटर की गहराई पर सुरंगों के भीतर 18 लोगों के फंसे होने की आशंका है। तेल उत्पादन करने वाला ईरान विभिन्न प्रकार की खनिज संपदा से भी समृद्ध है। ईरान हर साल करीब 35 लाख टन कोयले की खपत करता है लेकिन अपनी खदानों से प्रति वर्ष केवल 18 लाख टन कोयला ही उत्पादित करता है। वह बाकी का कोयला आयात करता है। ईरान के खदान उद्योग में यह पहली दुर्घटना नहीं है। 2013 में दो अलग-अलग खदान दुर्घटनाओं में 11 मजदूरों की मौत हो गयी थी। इसी तरह अन्य हादसों में भी जानें गई थी।

You may also like