स्वच्छता की शुरुआत अपने घरों से कर जिला राज्य और देश को स्वच्छ बनाया जा सकता है : डॉ. बलबीर सिंह
स्वास्थ्य मंत्री ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ जागरूकता के लिए जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मैराथन को रवाना किया
पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलीथिन बैग्स की जगह कपड़े या जूट के बैग के उपयोग का आह्वान
पटियाला, 17 सितंबर: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने विद्यार्थियों और आम जनता को अपने घरों से स्वच्छता की शुरुआत कर शहर, जिला, राज्य और आगे चलकर पूरे देश को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया । स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी को एकजुट होकर पर्यावरण बचाने के लिए पॉलीथिन बैग्स की जगह कपड़े या जूट के बैग का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने इस दौरान बच्चों को डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखने और विशेष रूप से साफ पानी के स्रोतों की जांच कर डेंगू के लार्वा को समाप्त करने का भी संदेश दिया। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा, और इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे सभी नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का हमारे जीवन को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए हर नागरिक को स्वच्छता अभियान का हिस्सा अवश्य बनना चाहिए। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग- अलग रखने की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में हमारे पर्यावरण को सुरक्षित रखने और साफ-सफाई के लिए कई नए प्रयास कर रही है। इसके तहत दसवीं और बारहवीं कक्षा पास करने वाले छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा की प्रारंभिक जानकारी दी जाएगी और स्कूलों में ‘हैप्पीनेस’ कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) डॉ. हरजिंदर सिंह बेदी और एडीसी (जी) मैडम कंचन ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव के नेतृत्व में दो अक्टूबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एडीसी ने बताया कि स्वच्छता दिवस के अवसर पर सभी भागीदारों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पर्यावरण इंजीनियर गुरकरण सिंह द्वारा लाए गए कपड़े के बैग भी वितरित किए गए। एस अवसर पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट पटियाला के चेयरमैन मेघ चंद शेरमाजरा, कर्नल जे.वी. सिंह, एसडीएम अरविंद कुमार भी उपस्थित थे। बीडीपीओज सुखविंदर सिंघ टिवाणा और बलजीत सिंघ सोही समेत जिला सैनिटेशन अधिकारी इंजी. विपिन सिंगला के नेतृत्व में एडीएसओ विनोद कुमार, सीडीएस सेवीया शर्मा, आईईसी वीरपाल दीक्षित, सीडीएस सीमा सोहल, अमनदीप कौर, अभदीप सिंह, जेई कंवरजीत सिंह रंधावा, बीआरसी कुलजिंदर सिंह, लवदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह ने रैली को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। मैराथन रैली में भाग लेने वाले सरकारी मल्टीपरपज़ स्कूल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल त्रिपड़ी और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिविल लाइन सहित अगर हरी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों और पौधारोपण करने वाली छोटी बच्ची एकमजोत कौर तथा अच्छी सेहत के लिए लोगों को जागरूक करने वाली पूर्व शिक्षिका सजनी को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान तमाशा आर्ट्स थिएटर के कलाकारों ने गीला कचरा और सूखा कचरा तथा सफाई के बारे में एक नाटक प्रस्तुत किया, और जिला परिषद कार्यालय में बनाए गए स्वच्छता संबंधी ‘सेल्फी पॉइंट’ ने लोगों का ध्यान खींचा।