चंडीगढ़, 28 नवंबर 2026: ईपीएफओ चीफ और सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी भविष्य निधि से किस्तों में निकाले जाने वाले पैसों पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इसके साथ ही खाते में बची हुई राशि पर वही ब्याज मिलेगा जो बाकी सदस्यों को पीएफ पर मिलता है।
उन्होंने ये भी कहा कि सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान को लागू करने के लिए ईपीएफ से जुड़े प्रावधानों में संशोधन करने के साथ इनकम टैक्स से जुड़े कानून में जरूरी संशोधन करने होंगे। ईपीएफओ ने ये प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेज दिया है।
श्रम मंत्रालय इनकम टैक्स कानून में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव को लेकर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्ताव बजट पारित होने के बाद 1 अप्रैल से लागू हो जाएगा।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने पिछले हफ्ते कर्मचारी भविष्य निधि निकासी के नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी थी। इसके तहत रिटायर होने वाले सदस्य अब अपनी पीएफ खाते में जमा पैसों को नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। इसके साथ ही खाते में अनिवार्य न्यूनतम जमा राशि की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत और पूरे पैसे निकालने के लिए वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दिया गया है।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड की इस महीने हुई 240वीं मीटिंग में लिए गए फैसलों के तहत प्रस्तावित नियमित किस्त निकासी योजना के तहत रिटायर होने वाले सदस्य अपनी पूरी जमा राशि को एक साथ निकालने के बजाय मासिक तिमाही या छमाही किस्तों में निकाल सकेंगे। शुरुआती चरण में 55 साल से ज्यादा उम्र के करीब 6.32 लाख उन ईपीएफ सदस्यों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है जिनके पीएफ खातों में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा है।
ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे