चमोली, 18 नवंबर 2026: भारत समेत दुनियाभर के विभिन्न देशों में बीते कुछ समय से भूकंप की घटनाएं तेज होती जा रही हैं। इससे लोगों का भय बढ़ता चला जा रहा है। भारत के भी अलग-अलग राज्यों में बीते कुछ दिनों से भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को उत्तराखंड में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राज्य के चमोली जिले में भूकंप आया है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बुधवार को उत्तराखंड के चमोली जिले में आए भूकंप के बारे में जानकारी दी। चमोली में दो बार भूकंप आया। चमोली जिले में बुधवार 18 नवंबर को पहली बार भूकंप 10 बजकर 21 मिनट पर आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
चमोली जिले में दूसरा भूकंप 10 बजकर 52 मिनट पर आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र धरती से 5 किलोमीटर की गहराई में था।
इससे पहले बीते 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में लगभग 12 घंटे के भीतर चार बार भूकंप आने से हड़कंप मच गया था। इन सभी भूकंपों के केंद्र डोडा और किश्तवाड़ में मिले थे। पहला भूकंप देर रात 2 बजकर 38 मिनट पर किश्तवाड़ में आया जिसकी तीव्रता 3.3 मापी गई। फिर सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर डोडा में भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.7 थी। इसके बाद डोडा में सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। चौथा भूकंप दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर डोडा में आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.9 मापी गई।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे