वॉशिंगटन, 18 नवंबर 2026: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई बड़े अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल और 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक 48 वर्षीय मर्चेंट को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी के लिए काम करते हुए हत्या की योजना बनाने का दोषी पाया गया।
ब्रुकलिन की संघीय अदालत में अमेरिकी जिला जज एरिक आर कोमिटी ने उसे 330 महीने की सजा सुनाई। मार्च 2026 में संघीय जूरी ने उसे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े आतंकवादी कृत्य की कोशिश और पैसे देकर हत्या कराने की साजिश का दोषी ठहराया था।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार आसिफ मर्चेंट ईरान की आईआरजीसी का प्रशिक्षित ऑपरेटिव था। उसने स्वेच्छा से इस संगठन से जुड़कर खुफिया गतिविधियों की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद उसे अमेरिकी अधिकारियों की हत्या के लिए लोगों को तलाशने और उन्हें पैसे देने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा ईरान का एक एजेंट राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए अमेरिका आया था। उसे उसके गुनाहों की सही सजा मिली है। ब्लांश ने कहा कि न्याय विभाग अमेरिकी नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने तक कार्रवाई जारी रखेगा।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे