चंडीगढ़, 24 अक्टूबर 2026: आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस ने आगामी आईपीएल सीजन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और विस्फोटक ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड को अब टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है।
इससे पहले वह टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की जानकारी दी। इससे पहले महेला जयवर्धने मुंबई इंडियंस के हेड कोच थे लेकिन हाल ही में उन्होंने ये पद छोड़ दिया था।
हेड कोच बनने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए पोलार्ड ने कहा कि मुंबई इंडियंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। यह फ्रेंचाइजी मेरे जीवन और करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है। मैंने इस टीम के साथ एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के रूप में लंबा सफर तय किया है। मैं नीता अंबानी आकाश अंबानी और पूरे एमआई परिवार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और अपनी पलटन को जश्न मनाने के कई और मौके देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
ये भी देखे: भारत ने तीसरे टी-20 में अफगानिस्तान को 127 रन से हराया, अभिषेक शर्मा बने सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय