लखनऊ, 17 अक्टूबर 2026: केरल की एक युवती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भावुक खत लिखकर अपनी शादी में शामिल होने का न्योता दिया है। दुल्हन बनने जा रहीं अरुंधति योगी को सिर्फ एक नेता नहीं बल्कि अपना बड़ा भाई और मार्गदर्शक मानती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को हाथ से लिखा दो पन्नों का शादी का निमंत्रण भेजा है। अरुंधति ने अपने खत में बताया कि योगी आदित्यनाथ के जीवन और उनके एक पुराने वीडियो ने भावनाओं हिम्मत और मुश्किलों का सामना करने को लेकर उनकी सोच बदल दी।
अरुंधति की शादी राहुल से 20 दिसंबर को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होने वाली है। इस खास मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद मांगा है। अरुंधति ने अपने खत में लिखा कि वह अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। और इस अवसर पर योगी का आशीर्वाद उनके और राहुल के लिए बेहद खास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का शादी में आना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान होगा।
अरुंधति ने खत में अपने बचपन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहले वह छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ने को अपनी कमजोरी मानती थीं। उनके आसपास के कुछ लोग मानते थे कि मजबूत बनने के लिए अपनी भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है। इस वजह से अरुंधति के मन में सवाल उठता था कि क्या भावुक इंसान भी वास्तव में मजबूत हो सकता है। उन्हें लगता था कि ज्यादा संवेदनशील होने के कारण शायद वह मुश्किल परिस्थितियों का सामना नहीं कर पाएंगी।
अरुंधति ने बताया कि एक दिन उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। इस वीडियो में योगी एक संबोधन के दौरान भावुक नजर आ रहे थे। वीडियो दिखाने के बाद उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने समझाया कि कोई व्यक्ति भावुक होने के साथ-साथ बेहद मजबूत भी हो सकता है। इस घटना ने अरुंधति की सोच बदल दी। उन्हें समझ आया कि आंसू आना कमजोरी की निशानी नहीं है। और भावनाओं को महसूस करना किसी इंसान को कमजोर नहीं बनाता।
मुख्यमंत्री को लिखे खत में अरुंधति ने कहा कि जब भी मुझे खुद पर शक होता है आपकी जीवन यात्रा मुझे आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। अरुंधति ने लिखा कि उन्होंने योगी से सीखा है कि असली ताकत अपनी भावनाओं को दबाने में नहीं बल्कि गिरने के बाद दोबारा उठ खड़े होने में है। चुनौतियों का दृढ़ विश्वास के साथ सामना करना और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना ही सच्ची मजबूती है। अरुंधति के मुताबिक इस सीख ने उन्हें खुद को बेहतर ढंग से समझने और मुश्किल समय में आगे बढ़ने का हौसला दिया।
अरुंधति ने योगी आदित्यनाथ को अपना बड़ा भाई बताते हुए लिखा कि मेरे लिए आप सिर्फ एक नेता नहीं हैं। मैंने हमेशा आपको एक बड़े भाई के रूप में देखा है। जिनकी जीवन यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है।
अरुंधति ने अपने खत में उनके प्रति सम्मान और अपनापन जाहिर करते हुए शादी के इस खास अवसर पर उनका आशीर्वाद मांगा है।
ये भी देखे: किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने के संकेत दिए, महिला आरक्षण लागू करने की बात कही