चंडीगढ़, 17 अक्टूबर 2026: दुबई से दिल्ली आ रही एमिरेट्स की फ्लाइट ईके517 के उतरते समय विमान से एक पक्षी टकरा गया। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद विमान की जांच और जरूरी मरम्मत की जरूरत पड़ी। जिसके चलते दिल्ली से दुबई जाने वाली वापसी की उड़ान में देरी हो गई है। एमिरेट्स के मुताबिक 17 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की जरूरी मरम्मत की जा रही है। इसके अलावा प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है।
एमिरेट्स ने अपने बयान में बताया कि विमान की मरम्मत के कारण दिल्ली से दुबई जाने वाली फ्लाइट ईके517 अब 18 अक्टूबर को दिल्ली के स्थानीय समय के मुताबिक सुबह सात बजे रवाना होने की उम्मीद है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी है। कंपनी ने कहा कि हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। और इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
यात्रियों को हुई परेशानी को देखते हुए होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। इस बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के जेद्दा रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानों का अस्थायी निलंबन 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है। एयरलाइंस ने यह फैसला पश्चिम एशिया में हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच लिया है। इस फैसले से इन शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को राहत देने के लिए टिकट की तारीख बदलने और उपलब्धता के आधार पर दूसरे विकल्पों से यात्रा करने की सुविधा देने की जानकारी दी है।
ये भी देखे: किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने के संकेत दिए, महिला आरक्षण लागू करने की बात कही