लखनऊ, 09 सितंबर 2026: सरकारी टीचर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने राज्य में विभिन्न विषयों के लिए सहायक आचार्य यानी असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों पर भर्ती निकाली है। वैकेंसी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है जो निर्धारित अंतिम तिथि सात अक्टूबर तक जारी रहेगी। योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार भर्ती में शामिल होने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार ने संबंधित विषयों से पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री 55 फीसदी अंकों के साथ पास की हो। इसके साथ ही अभ्यर्थी ने यूजीसी नेट सीएसआईआर नेट स्लेट सेट एमफिल या पीएचडी उत्तीर्ण किया हो। पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को नेट स्लेट सेट से छूट दी गई है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से कम और अधिकतम उम्र 62 साल से ज्यादा न हो। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के अनुसार की जाएगी।
इस भर्ती में आवेदन के लिए अनारक्षित ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को शुल्क के रूप में दो हजार रुपये जमा करना होगा। एससी एसटी वर्ग के लिए 1500 एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए फीस एक हजार रुपये निर्धारित है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
ये भी देखे: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 76 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पास