चंडीगढ़, 01 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर को लेकर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश की सामूहिक शक्ति संकल्प और मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और संकट के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना देश के लिए खुशी की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ को दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकट से घिरे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि 2020 के कोविड काल के बाद से दुनिया में स्थिरता पूरी तरह लौटती नहीं दिखी है इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भारत तमाम वैश्विक चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है वहीं देश के भीतर कुछ लोग निराशा और झूठ का माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। अब देश को इस आर्थिक रफ्तार को बनाए रखना है और विकास की गति को और आगे ले जाना है।
ये भी देखे: पंजाब SGST विकास दर के मामले में पूरे भारत में सबसे आगे – हरपाल सिंह चीमा