सीएम भगवंत सिंह मान ने पंजाब की पहली शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग का किया उद्घाटन

by Manu
शेर-ए-पंजाब लीग

चंडीगढ़, 31 अगस्त 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट राज्य के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पी.सी.ए.) द्वारा आयोजित किए जा रहे इस उद्घाटन संस्करण में छह टीमें भाग ले रही हैं और यह टूर्नामेंट 13 सितंबर तक पी.सी.ए. क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली में खेला जाएगा।

खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह लीग पंजाब के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने तथा स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग पंजाब में क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को खेल में आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यह लीग पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आई.पी.एल. की तर्ज पर आयोजित की जा रही है।”

आज आयोजित उद्घाटन समारोह में टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अमृतसर सूरमा और मोहाली किंग्स के बीच खेला गया। यह लीग दो सप्ताह तक चलेगी, जिसका फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को होगा। सभी मैच मोहाली स्थित पी.सी.ए. क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट में पंजाब के अमूल्य योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य ने लगातार ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी पैदा किए हैं, जिन्होंने देश का उच्चतम स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा, “आज पंजाब के लिए यह बेहद गर्व की बात है कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान क्रमशः शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर पंजाब से हैं। इस समय पंजाब के 21 खिलाड़ी आई.पी.एल. में खेल रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में पंजाब के चार खिलाड़ी हैं, जिनमें कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं।

ये भी देखे: शेर-ए-पंजाब टी20 लीग: सभी टीमों ने घोषित किया अपना पूरा स्क्वॉड, शुभमन गिल फाजिल्का से खेलेंगे

You may also like