पटना, 28 जुलाई 2026: बिहार में स्कूली बच्चों का सफर अब और सुरक्षित होने जा रहा है। राज्य का परिवहन विभाग अगस्त महीने में एक विशेष पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है। इस पोर्टल के जरिए राज्य भर के 2 लाख से ज्यादा स्कूली वाहनों का पूरा ब्योरा डिजिटल किया जाएगा।
अब पटना सहित सभी जिलों के प्राइवेट स्कूलों में चलने वाली बसों, वैन और ऑटो का पूरा लेखा-जोखा सीधे परिवहन विभाग के पास रहेगा। बच्चों को स्कूल ले जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन का इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। नई व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर डीएम, एसपी और डीटीओ स्कूली बसों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर सकेंगे।
अधिकारियों की नजर अब वाहन के फिटनेस, बीमा और चालकों के विवरण पर 24 घंटे रहेगी। इससे बिना फिटनेस वाले जर्जर वाहनों पर लगाम लगेगी। अगर किसी वाहन का फिटनेस या बीमा खत्म होता है, तो तुरंत विभाग को सूचना मिल जाएगी और संबंधित स्कूल पर कार्रवाई की जाएगी।
यह पोर्टल अभिभावकों के लिए भी बेहद मददगार साबित होगा। माता-पिता पोर्टल पर जाकर अपने बच्चे की स्कूल बस का नंबर डालकर उसकी फिटनेस, ड्राइवर का नाम, बीमा, परमिट और प्रदूषण सर्टिफिकेट की स्थिति देख सकेंगे।
इतना ही नहीं, वाहनों पर विशेष क्यूआर कोड चस्पा किए जाएंगे। इसे स्कैन करके कोई भी व्यक्ति वाहन और चालक की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। परिवहन विभाग इन वाहनों को लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से भी जोड़ने जा रहा है। इससे वाहनों की लोकेशन और स्पीड पर नजर रखी जा सकेगी।
ये भी देखे: बिहार सरकार ने “ब्रांड बिहार” पहल की शुरुआत की, राज्य की छवि और निवेश स्थिति होगी मजबूत