पटना, 16 जुलाई 2026: बरसात के मौसम में डेंगू से निपटने को लेकर पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) ने मरीजों के उपचार के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पताल प्रशासन ने राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक (RSB) में डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया है। वार्ड में मरीजों की सुरक्षा के लिए मच्छरदानियों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए 24 घंटे चिकित्सकों एवं मेडिकल अटेंडेंट की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल हर मौसम में संभावित स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी के सिद्धांत पर कार्य कर रहा है। साथ ही नए रेडियोलॉजी भवन में आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को त्वरित एवं बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वहीं, राज्य स्तर पर भी स्वास्थ्य विभाग डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है। विभाग द्वारा सभी जिलों में फॉगिंग, मच्छर नियंत्रण, सर्विलांस, जांच एवं उपचार की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में राज्यभर में 318 फॉगिंग मशीनें सक्रिय हैं। सभी जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में NS1 ELISA एवं IgM ELISA जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस एवं पूरे जुलाई माह में ‘एंटी-डेंगू माह’ के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। बैठक में उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी जिलों में फॉगिंग, सर्विलांस, जांच एवं उपचार की व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने सभी जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में जांच किट, दवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा था।
ये भी देखे: पटना PMCH में सितंबर तक शुरू होगा 120 बेड का अत्याधुनिक ICU