बिहार कैबिनेट का फैसला, भागलपुर एयरपोर्ट का नाम अजगैबीनाथ धाम, नए परिसीमन पर होंगे पंचायत चुनाव

by Manu
बिहार कैबिनेट बैठक

पटना, 16 जुलाई 2026: बिहार सरकार ने भागलपुर में बनने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नाम अजगैबीनाथ धाम रखने का फैसला किया है। इस एयरपोर्ट पर कुल 1329.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

राजगीर, रोहतास और कैमूर जिले में भी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं को लेकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और बिहार सरकार के बीच समझौता हो गया है।

कैबिनेट ने 2011 की जनगणना के आधार पर नए परिसीमन के मुताबिक वर्ष 2026 के पंचायत चुनाव कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 25 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

सरकार ने वाहन कर में बढ़ोतरी को भी स्वीकृति दे दी है। दोपहिया वाहनों पर टैक्स में 1 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। तीन पहिया वाहनों पर 1000 रुपये अतिरिक्त टैक्स लगेगा। वहीं कमर्शियल वाहनों के टैक्स में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

वाहन बेचने वाले डीलरों और निर्माताओं पर लगने वाला ट्रेड टैक्स चार गुना बढ़ा दिया गया है। सरकार का कहना है कि लंबे समय से इन दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब पंचायतें इन टैक्सों की वसूली करेंगी।

सीतामढ़ी के पुनौराधाम स्थित माता सीता जन्मस्थली को अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। कैबिनेट ने इस संबंध में ट्रस्ट डीड को मंजूरी दे दी है। 50.89 एकड़ जमीन मंदिर न्यास समिति को निशुल्क हस्तांतरित करने की स्वीकृति मिल गई है।

इसके अलावा भवन कर, कमर्शियल लैंड टैक्स, सिनेमा, होर्डिंग, व्यापार कर, पेयजल, हाट लगाने और कूड़ा उठाने जैसे कई नए टैक्स पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे। बिहार में यह पहला मौका है जब पंचायतों को टैक्स वसूलने का अधिकार मिला है।

ये भी देखे: बिहार कैबिनेट की अहम बैठक आज शाम 5 बजे, कई बड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

You may also like