चंडीगढ़, 26 मई 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने CBSE मूल्यांकन में अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रधानमंत्री से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक अयोग्य और बेकार शिक्षा मंत्री की वजह से देश के लाखों बच्चों को मानसिक तनाव में नहीं डाला जा सकता।
CBSE मूल्यांकन में इतने बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं ने लाखों बच्चों के भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया है। छात्र मुफ्त मैनुअल पुनर्मूल्यांकन, OSM प्रक्रिया को रद्द करने और जल्द से जल्द पुनर्मूल्यांकन की मांग कर रहे हैं। क्योंकि पोर्टल काम नहीं कर रहा है। अगर लॉग-इन हो भी जाता है तो पेमेंट गेटवे काम नहीं कर रहा है और स्कैन की गई कॉपी भी धुंधली है।
अरविंद केजरीवाल ने X पर कहा कि CBSE मूल्यांकन में सामने आए इतने बड़े घोटाले के बाद, प्रधानमंत्री मोदी जी को धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटा देना चाहिए। धर्मेंद्र प्रधान जी इस देश के शिक्षा मंत्री बनने के लायक एक दिन या एक सेकंड के लिए भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले NEET में धांधली हुई और अब CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया में इतनी बड़ी धांधली सामने आई है। पूरे देश में 12वीं कक्षा के लाखों बच्चे भारी तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) में हैं। उनके माता-पिता भी गहरे अवसाद में हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बच्चे यह मांग कर रहे हैं कि जो भी बच्चे पुनर्मूल्यांकन की मांग करें, उनका पुनर्मूल्यांकन मैनुअली (हाथ से) किया जाए। दूसरी बात, पुनर्मूल्यांकन शुल्क माफ किया जाए। तीसरी बात, OSM की पूरी प्रक्रिया रद्द की जाए और चौथी बात, पुनर्मूल्यांकन जल्द से जल्द किया जाए ताकि बच्चों की दाखिला प्रक्रिया प्रभावित न हो और उन्हें जल्द से जल्द अपने कॉलेजों में दाखिला मिल सके।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बताया जा रहा है कि पिछले चार-पांच दिनों से उनका पोर्टल काम नहीं कर रहा है और बच्चे लॉग-इन नहीं कर पा रहे हैं। मेरे एक मित्र ने मुझे बताया कि उनकी बेटी 40 बार कोशिश करने के बाद ही लॉग-इन कर पाई। उनका पेमेंट गेटवे काम नहीं कर रहा है और उन्होंने जो भी स्कैनिंग की है, वह सब धुंधली है। क्या ये लोग इस तरह से देश को 21वीं सदी का भारत बनाएंगे? इन लोगों को शर्म आनी चाहिए।
ये भी देखे: भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल भोंडसी जेल पहुंचे, संजीव अरोड़ा से की मुलाकात