लुधियाना, 26 मई 2026: पंजाब में आज 8 नगर निगमों के साथ-साथ 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। इनमें बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली शामिल हैं।
मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान पूरे राज्य में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है और आज सरकारी छुट्टी घोषित की गई है।
लुधियाना के रायकोट में वोटिंग के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। झड़प इतनी भयंकर थी कि कांग्रेस के वार्ड नंबर-4 से उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांग्रेस का आरोप है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने उनके उम्मीदवार के हाथ-पैर तोड़ दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की है।
इस चुनाव में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं। करीब 36.73 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैलेट पेपर से मतदान हो रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पूरे पंजाब में 35 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं।
ये भी देखे: खन्ना में वोटिंग शुरू होते ही बूथ पर तनाव, कांग्रेस और AAP समर्थकों में झड़प