चंडीगढ़, 09 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने संगरूर की धरती को ‘स्यूंक’ (दीमक) पैदा करने वाली धरती कहा था। धालीवाल ने इसे बाजवा की ओछी मानसिकता और पंजाब के गौरवशाली इतिहास के प्रति उनकी अज्ञानता का प्रतीक बताया।
बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा को बोलने से पहले संगरूर का इतिहास पढ़ लेना चाहिए था। जिस धरती ने शहीद-ए-आजम ऊधम सिंह, सेवा सिंह ठीकरीवाला जैसे महान देशभक्तों को जन्म दिया, जिस धरती से नामधारी कूका आंदोलन और रियासती आंदोलन शुरू हुए, उसे ‘स्यूंक’ कहना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि संगरूर वह जिला है जिसने हमेशा क्रांतिकारी आंदोलनों का नेतृत्व किया है, चाहे वह स्वतंत्रता संग्राम हो या हालिया किसान आंदोलन।
धालीवाल ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस नेता बाजवा संत राम सिंगला की पुण्यतिथि पर बोल रहे थे, तो क्या संत राम सिंगला भी एक ‘स्यूंक’ थे? उन्होंने कहा कि वहां मौजूद पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का अंतर्मन उन्हें यह पूछने से क्यों नहीं रोक पाया कि बाजवा संगरूर की धरती के बारे में क्या कह रहे हैं? बाजवा के अनुसार, क्या पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और उनके स्वतंत्रता सेनानी पिता हीरा सिंह भट्टल भी ‘स्यूंक’ थे? बाजवा को तुरंत पंजाब की जनता और संगरूर के निवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए धालीवाल ने कहा कि असल में, कांग्रेस ही वह ‘स्यूंक’ है जिसने 75 सालों तक देश और पंजाब को लूटा है। उन्होंने कहा कि बाजवा साहब, आप उस पार्टी के नेता हैं जिसने पंजाब में आपातकाल (Emergency) लगाया, ऑपरेशन ब्लू स्टार को अंजाम दिया, सिखों का नरसंहार किया और हजारों युवाओं को फर्जी पुलिस मुठभेड़ों में मार डाला। कोयला घोटाले से लेकर कैप्टन सरकार के दौरान साधु सिंह धर्मसोत और आशु जैसे मंत्रियों के भ्रष्टाचार तक, आपकी पार्टी ने पंजाब को सिर्फ बर्बाद ही किया है।
ये भी देखे: भाजपा का शराब घोटाले के नाम पर बुना गया झूठ का जाल धराशायी, सत्य की जीत हुई – कुलदीप धालीवाल