चंडीगढ़, 09 मार्च 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा में वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म-हरियाणा चैप्टर का शुभारंभ किया। यह पहल राज्य में महिला उद्यमिता को नई गति देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह प्लेटफॉर्म नीति आयोग की वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म का हरियाणा चैप्टर है। मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में 2 मार्च को इसकी घोषणा की थी। महज सात दिन के भीतर ही इस घोषणा को धरातल पर उतार दिया गया। यह हरियाणा सरकार की तेज और परिणाम केंद्रित कार्यशैली का स्पष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में कहा था कि राज्य सरकार महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स में भागीदारी को 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक ले जाना चाहती है। वर्तमान में यह आंकड़ा 51 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इस प्रगति को और तेज करने के लिए नीति आयोग के साथ मिलकर हरियाणा चैप्टर की स्थापना का फैसला लिया गया था जिसे अब अमल में लाया गया है।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं को स्टार्टअप शुरू करने में मदद मिलेगी। उन्हें मेंटरशिप फंडिंग ट्रेनिंग और मार्केट लिंकेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने से राज्य का विकास और मजबूत होगा। उन्होंने सभी महिला उद्यमियों से इस प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
ये भी देखे: हरियाणा बजट 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ₹2.23 लाख करोड़ का बजट पेश किया