लुधियाना, 07 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब इंडस्ट्रियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट पॉलिसी 2026 लॉन्च किया। लुधियाना के हैयट रीजेंसी में उद्योगपतियों के साथ विशेष बैठक के बाद इस पॉलिसी को औपचारिक रूप से जारी किया।
सीएम मान ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार कोई हिस्सा मांगने या लाल थैली लेने वाली नहीं है। हमारी एकमात्र चाहत है कि आपका बिजनेस तेजी से बढ़े और यहां के युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि मैं खुद कॉमर्स का छात्र रहा हूं इसलिए थोड़ा-बहुत बिजनेस समझता हूं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अगर पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाना है तो इंडस्ट्री का रंग जरूरी है। उद्योगपति कई घरों के चूल्हे जलाते हैं। वे भी अन्नदाता हैं। आज आपको यह पॉलिसी दे रहे हैं कल महिलाओं को बड़ा तोहफा देंगे।
सीएम ने इस पॉलिसी को इंडस्ट्री के लिए रनवे बताया। उन्होंने कहा कि जितनी उड़ान भरनी है भर लो सरकार आपके साथ खड़ी है। भारत को विश्व गुरु बनना है तो बिना पंजाब की तरक्की के यह संभव नहीं।
इससे पहले उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि ऐसी पॉलिसी पूरे देश में कहीं नहीं है। यह पॉलिसी अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में तैयार की गई। उन्होंने बताया कि कैबिनेट में इसे सिर्फ 10 मिनट में पास कर दिया गया।
ये भी देखे: महिला उद्यमी सम्मान कार्यक्रम, पंजाब सरकार ने 117 क्षेत्रों में 11,700 महिला उद्यमियों को किया सम्मानित