चंडीगढ़, 20 जनवरी 2026: पंजाब के खन्ना में एक प्रसिद्ध कपड़ा व्यापारी और फैशन डिजाइनर की कोठी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। घटना खटीका मोहल्ले में हुई है। हमलावरों ने कोठी के गेट पर कई राउंड फायरिंग की है।
आशु विजन खन्ना के मुख्य बाजार में देव कलेक्शन नाम से शोरूम चलाते हैं। यह शोरूम पंजाब के कई नामी गायकों और कलाकारों के बीच लोकप्रिय है। यहां से वे अपने स्टेज परफॉर्मेंस के लिए खास डिजाइन वाले कपड़े बनवाते हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 3 बजे की है। चार हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कोठी के बाहर पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट पर फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां सीधे गेट पर लगीं। इसके अलावा आशु विजन की बाहर खड़ी गाड़ी के फ्रंट शीशे पर भी गोली मारी गई।
हमलावरों ने गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। वारदात के बाद वे तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: खन्ना के दोराहा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली