मोरिंडा में पूर्व सीएम चन्नी की घर के पास फायरिंग, कार सौदे के विवाद में गोली चली

by Manu
फतेहपुर फायरिंग

मोरिंडा, 29 दिसंबर 2025: मोरिंडा में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की रिहायश के पास सोमवार दोपहर एक फायरिंग की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गोलीबारी कार खरीद-फरोख्त के पुराने विवाद के चलते हुई, जिसमें एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित काली ने शिकायत में बताया कि उसने सिकंदर नामक व्यक्ति से करीब 3.5 लाख रुपये में एक कार का सौदा किया था। आरोपी ने पैसे लेने के बावजूद गाड़ी पीड़ित के नाम ट्रांसफर नहीं की और बाद में उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। इसी लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।

सिकंदर ने पीड़ित को बातचीत के लिए चन्नी की रिहायश के पास बुलाया था। बहस के दौरान गुस्से में आकर सिकंदर ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली पीड़ित की कमर के पास से निकल गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी सिकंदर को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। रूपनगर के एसपी (डी) गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।

ये भी देखे: मोगा में कांग्रेस नेता पर घर में घुसकर फायरिंग, नरिंदरपाल सिंह सिद्धू गंभीर रूप से घायल

You may also like