खन्ना, 27 दिसंबर 2025: लुधियाना जिले के दोराहा इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली मारी।
पुलिस के अनुसार घटना 24 दिसंबर की रात की है। उस दिन दोराहा के गांव राजगढ़ में पंचायत सदस्य मनप्रीत सिंह गोल्डी पर फायरिंग हुई थी। इस हमले में करीब आठ राउंड गोलियां चली थीं। मामले में पुलिस ने इंदरजीत सिंह बुई और उसके साथियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था।
शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इंदरजीत सिंह बुई अपने दो साथियों के साथ दोराहा में KFC के पीछे स्थित एक सुनसान कॉलोनी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके को घेर लिया।
पुलिस की गाड़ियां देखकर इंदरजीत सिंह बुई एक घर की दीवार फांदकर भागने की कोशिश में लगा। इस दौरान दोराहा थाने के SHO आकाश दत्त अपनी टीम के साथ आगे मौजूद थे। आरोपी ने अपनी पिस्टल से गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं।
अपने बचाव और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की। एक गोली इंदरजीत सिंह बुई के पैर में लगी। वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पायल में भर्ती करवाया गया है।
ये भी देखे: पंजाब पुलिस और गैंगस्टर के बीच में मुठभेड़, एक गैंगस्टर सहित SHO घायल