गया जंक्शन का होगा कायाकल्प, 244 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय स्टेशन बनेगा

by Manu
गया जंक्शन

गया, 09 दिसंबर 2025: बोधगया की धरती का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले गया जंक्शन स्टेशन अब जल्द ही विश्वस्तरीय रूप लेने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के तहत 243.96 करोड़ रुपये की लागत से चल रही अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। जून 2026 तक यह काम पूरा हो जाएगा।

इस परियोजना के तहत गया जंक्शन को आधुनिकता और परंपरा का अनोखा संगम बनाया जा रहा है। रेलवे के निर्माण विभाग के एईएन सुधीर शर्मा ने बताया कि काम तेज गति से चल रहा है। स्टेशन की यात्री क्षमता और ट्रेन संचालन क्षमता दोनों में भारी बढ़ोतरी होगी। अभी रोजाना करीब 1.5 लाख यात्री यहां से गुजरते हैं। परियोजना पूरी होने के बाद यह संख्या दोगुनी हो जाएगी।

गया जंक्शन बौद्ध, हिंदू और जैन तीर्थयात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। जापान, थाईलैंड, श्रीलंका, वियतनाम समेत दुनिया भर से श्रद्धालु बोधगया आने के लिए यहीं उतरते हैं। नया स्टेशन पर्यटन को भी नई रफ्तार देगा।

ये भी देखे: गया एयरपोर्ट पर युवक के बैग से 10 जिंदा कारतूस बरामद, पुलिस ने हिरासत में लिया

You may also like