कुल्लू, 04 दिसंबर 2025: देवभूमि हिमाचल की सदियों पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। बिजली महादेव ने गुरुवार को धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकर्ण में भव्य शाही स्नान किया। इस पवित्र अवसर पर सैंकड़ों नहीं, हजारों श्रद्धालु साक्षी बने।
बिजली महादेव तीन दिन पहले अपने देवालय से ढोल-नगाड़ों, छत्र-चंवर और लाव-लश्कर के साथ चले थे। गुरुवार को मणिकर्ण पहुंचकर उन्होंने गर्म जल के चश्मों में शाही स्नान किया। हारियान क्षेत्र के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई लोग तो सुबह से ही लाइन में खड़े थे ताकि महादेव का आशीर्वाद ले सकें।
शाही स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भी मणिकर्ण के पवित्र चश्मों में डुबकी लगाई। पूरा इलाका जयकारों से गूंज उठा। शाम को बिजली महादेव वापस लौटे और डूंखरा में रात्रि विश्राम किया।
शुक्रवार को महादेव पीणी गांव पहुंचेंगे और वहीं ठहरेंगे। ग्रामीणों के आग्रह पर देवता पीणी में एक दिन और रुक सकते हैं। उसके बाद अपने मूल देवालय की ओर प्रस्थान करेंगे।
ये भी देखे: श्रीकाकुलम मंदिर में भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, सीएम ने जताया शोक