शामली, 01 दिसंबर 2025: सोमवार देर रात वेदखेड़ी-मंसूरा मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस गोलीबारी में सवा लाख रुपये का इनामी बावरिया गिरोह का सरगना मिथुन उर्फ मिठ्ठू मौके पर ही ढेर हो गया। उसका साथी राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पुलिस टीम पर बदमाशों ने पहले फायरिंग शुरू की। जवाबी कार्रवाई में मिथुन को गोली लगी और वह गिर पड़ा। इस दौरान एसओजी के हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह को गोली लगी। उन्हें तुरंत ऊन सीएचसी ले जाया गया और फिर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना की जैकेट में भी गोली लगी लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर से खबर मिली थी कि बावरिया गिरोह के लोग इस रास्ते पर बड़ी वारदात करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही झिंझाना पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
मिथुन के शव से पुलिस ने एक कार्बाइन और मेड इन इटली पिस्टल बरामद की है। फरार राहुल की तलाश में कई टीमें दबिश दे रही हैं।
ये भी देखे: UP Encounter: लाखों का इनामी अपराधी शंकर प्रसाद कन्नौजिया पुलिस मुठभेड़ में ढेर