पटना, 03 सितंबर 2025: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड की स्थापना 105 करोड़ रुपये की लागत से की गई है, जो राज्य की 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एनडीए सरकार की ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सहकारी संघ का शुभारंभ किया। यह पहल लघु और छोटे उद्योगों से जुड़ी महिलाओं को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराएगी। चौधरी ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाएं जीविका समूहों के माध्यम से कुटीर उद्योग चला रही हैं और 56 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर रही हैं। इनकी मेहनत से राज्य के जीएसटी संग्रह में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं छोटे व्यवसायों से लेकर उत्पादक कंपनियां स्थापित कर चुकी हैं। पहले उन्हें अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था, जो ऊंची ब्याज दरों पर ऋण देते थे। अब इस नए सहकारी संघ के जरिए महिलाओं को कम ब्याज दर पर आसानी से ऋण मिलेगा, जिससे उनके व्यवसाय को और गति मिलेगी।
ये भी देखे: BREAKING: आचार संहिता उल्लंघन मामले में कोर्ट में पेश हुए सम्राट चौधरी, 2014 का है मामला