सुल्तानपुर, 23 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शनिवार तड़के एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में लाखों का इनामी अपराधी शंकर प्रसाद कन्नौजिया को मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा गांव के पास मंगई नदी पुल के आसपास हुई, जहां रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी शंकर अपने गिरोह के साथ किसी वारदात की तलाश में घूम रहा था। शंकर पर मऊ जिले में लूट सहित जीयनपुर कोतवाली में हत्या और लूट से जुड़े कई संगीन मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस को शंकर की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद जहानागंज क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी की। गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान शंकर ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में की गई गोलीबारी में शंकर घायल हो गया। मुठभेड़ की खबर मिलते ही जहानागंज सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। घायल शंकर को राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने एक कार्बाइन, 9 एमएम पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा और खोखे कारतूस बरामद किए। शंकर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
ये भी देखे: सुल्तानपुर लोधी में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, कुख्यात अपराधी गिरफ्तार