रांची, 15 अगस्त 2025: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं निबंधन मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का शुक्रवार (15 अगस्त 2025) को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। JMM के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने उनके निधन की पुष्टि की। इस महीने की शुरुआत में 2 अगस्त को रामदास सोरेन अपने जमशेदपुर स्थित आवास के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और ब्रेन हैमरेज हो गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती किया गया, और बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया। वहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका
रामदास सोरेन घाटशिला विधानसभा सीट से दो बार विधायक चुने गए थे और झारखंड आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें जनता के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया था। 30 अगस्त 2024 को उन्हें झारखंड सरकार में स्कूली शिक्षा एवं निबंधन मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई थी। उनके निधन से झारखंड की राजनीति और शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है।
ये भी देखे: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का निधन, AIIMS में थे भर्ती