Kishtwar Cloudburst News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार सुबह करीब 12 बजे चिशौती गांव के पास मचैल माता यात्रा मार्ग पर बादल फटने से भारी तबाही मची है। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। चिशौती, जहां से मचैल माता यात्रा शुरू होती है, वहां सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस क्षेत्र में कई लंगर लगाए गए थे, जिनमें से एक लंगर का टेंट और सामान बाढ़ में बह गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। हालांकि, अभी तक जानी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से घटना की जानकारी मिलने के बाद किश्तवाड़ के जिला उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने प्रशासन को तत्काल बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घायलों के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ये भी देखे: Chamba Cloudburst: चंबा में बादल फटा, मकान ढहने से दो लोगों की मौत; 39 सड़कें भी बंद