बिलासपुर, 06 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना घुमारवीं की पुलिस टीम ने गांव भदरोग के एक युवक से 16.6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपी की पहचान कैलाश कुमार (27), पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी गांव भदरोग, डाकघर नसवाल, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात कलरी के पास गश्त के दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 16.6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद कैलाश कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घुमारवीं थाने में उसके खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चिट्टा कहां से लाया और इसे किन-किन जगहों पर सप्लाई करने वाला था। पुलिस नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने के लिए गहन जांच कर रही है। डीएसपी ने यह भी दोहराया कि बिलासपुर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी देखे: कोटखाई पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार