पटना, 14 जुलाई 2025: बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दल, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर कानून-व्यवस्था और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तीखे हमले कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार को “क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया” करार देते हुए कहा कि राज्य में हर गली में डर और हर घर में बेचैनी का माहौल है।
अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार बेरोजगार युवाओं को हत्यारा बना रही है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्सी बचाने में लगे हैं, और बीजेपी मंत्री कमीशन कमा रहे हैं। राहुल ने जोर देकर कहा कि 2025 का चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बिहार को बचाने का है।
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने बिहार को क्राइम कैपिटल कहा है; वह पहले भी यह आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि हत्याओं, लूट और अपहरण की घटनाओं में वृद्धि ने जनता में डर का माहौल पैदा किया है।
ये भी देखे: मेक इन इंडिया पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा, कहा- ‘अगर भारत नहीं बनाएगा, तो सिर्फ…’