भुवनेश्वर, 8 जुलाई 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मनमोहन सामल को एक बार फिर ओडिशा प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था और इस पद के लिए वे इकलौते उम्मीदवार थे। केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सामल की पुनर्नियुक्ति की घोषणा की।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, संजय जायसवाल और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मनमोहन सामल ने ओडिशा भाजपा चुनाव अधिकारी और सांसद प्रताप सारंगी के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा किया। उनके अलावा कई अन्य नेताओं ने भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
मनमोहन सामल के नेतृत्व में भाजपा ने 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) को हराकर पूर्ण बहुमत हासिल किया और राज्य में सरकार बनाई। साथ ही, लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ओडिशा की 21 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज की।
ये भी देखे: समिक भट्टाचार्य बने पश्चिम बंगाल भाजपा के नए अध्यक्ष, हुआ ऐलान