पटना, 21 जून 2025: शनिवार को चेन्नई से पटना पहुंची एयर इंडिया की उड़ान IX2936 में अधिक वजन के कारण यात्रियों का सामान नहीं लाया जा सका, जिससे पटना हवाई अड्डे पर हंगामा मच गया। विमान के उतरने के बाद यात्रियों को सूचना दी गई कि उनका सामान बेल्ट नंबर 4 पर आएगा, लेकिन जब यात्री वहां पहुंचे तो सामान नहीं मिला। इस पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। एयर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ और सीआईएसएफ कर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में 186 यात्री सवार थे, जिसके कारण वजन की सीमा पार हो गई थी। गर्मी के मौसम (समर शेड्यूल) में हवा का घनत्व कम होने से विमान के टेकऑफ में दिक्कत हो सकती है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा के लिए टोल पेनल्टी लागू की जाती है, यानी कार्गो और यात्रियों की सामान क्षमता को कम करना पड़ता है। इसी वजह से यात्रियों का सामान चेन्नई में ही छोड़ दिया गया।
अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जिन यात्रियों का गंतव्य पटना था, उनके सामान को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, जिन यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई, उन्हें एयर इंडिया की ओर से दूसरी उड़ानों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। इस आश्वासन के बाद यात्री शांत हुए।
ये भी देखे: पटना एयरपोर्ट पर वैभव सूर्यवंशी से मिले पीएम मोदी, वैभव ने छुए पैर