चंडीगढ़, 11 जून 2025: मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की जन्मदिन पर उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर तीन नए गाने “नील”, “ट्रिपल जीरो 8” (0008), और “टेक नोट्स” रिलीज किए गए। ये गाने “मूस प्रिंट” नामक एक्सटेंडेड प्ले (EP) का हिस्सा हैं। रिलीज के कुछ ही मिनटों में इन गानों ने रिकॉर्ड तोड़ व्यूज हासिल किए: “नील” को 9 मिनट में 4 लाख, “ट्रिपल जीरो 8” को 14 मिनट में 4.5 लाख, और “टेक नोट्स” को 6 मिनट में 3 लाख व्यूज मिले। ये आंकड़े सिद्धू की लोकप्रियता और उनके प्रशंसकों के बीच उनके संगीत के प्रति दीवानगी को दर्शाते हैं।
सिद्धू मूसेवाला के परंपरा को जारी रखते हुए आज रिलीज हुए गाने
सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि सिद्धू हमेशा अपने, अपने माता-पिता के जन्मदिन और खास मौकों पर गाने रिलीज करता था। इस परंपरा को जारी रखते हुए ये गाने उनके जन्मदिन पर रिलीज किए गए, जिनमें सिद्धू का नया स्टाइल देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सिद्धू के सभी रिकॉर्डेड गाने धीरे-धीरे रिलीज किए जाएंगे। बलकौर सिंह ने यह भी बताया कि सिद्धू के प्रशंसक हर साल उनके जन्मदिन पर उनके घर आते हैं, और इस बार भी उन्हें नहीं रोका जाएगा।
हालांकि, इस मौके पर विवाद भी सामने आया। बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर आधारित दो-भाग वाली डॉक्यूमेंट्री “द किलिंग कॉल” को उनके जन्मदिन पर यूट्यूब पर रिलीज कर दिया, जिसका सिद्धू के परिवार ने कड़ा विरोध किया था। बलकौर सिंह ने मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन और महाराष्ट्र के डीजीपी को शिकायत दर्ज कर इसकी स्क्रीनिंग रोकने की मांग की थी, साथ ही बीबीसी को कानूनी नोटिस भी भेजा था।
यह भी देखे: गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह लड़ेंगे चुनाव, इस सीट को चुना