Punjab Weather: पंजाब में गर्मी से हाल बेहाल, टूटा सात साल का रिकॉर्ड; तापमान 46 डिग्री पार

by Manu
पंजाब गर्मी

चंडीगढ़, 10 जून 2025: Punjab Weather News: पंजाब में सोमवार को भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया, क्योंकि राज्य के लगभग सभी जिलों में लू का प्रकोप रहा। तीखी गर्मी के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के मुताबिक, 2017 के बाद पहली बार दिन का तापमान इतना ऊंचा दर्ज किया गया। बठिंडा भी लू की चपेट में रहा, जहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा था।

पंजाब के अलग-अलग शहरों में तापमान

अन्य शहरों में भी गर्मी ने हाल बेहाल किया। अमृतसर में 44.9, गुरदासपुर में 44.5, फिरोजपुर में 44, चंडीगढ़ में 43.8, फाजिल्का में 43.2, पटियाला में 42.9, जालंधर में 42.6 और मोगा में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने अगले दो दिनों तक लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि इस दौरान रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी।

गर्मी में बिजली कटौती बढ़ा रही और परेशानी

गर्मी के साथ-साथ बिजली कटौती ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं। सोमवार को जालंधर सहित छह शहरों में 6 घंटे तक बिजली कटौती रही। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के अनुसार, जालंधर से सबसे ज्यादा 1,668 शिकायतें दर्ज की गईं। मुक्तसर में दो फीडर खराब होने के कारण 6 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसी तरह संगरूर, कादियां, गोराया और बुढलाडा में 13 फीडर डाउन होने से 4 से 6 घंटे तक बिजली गुल रही।

 ये भी देखे: PUNJAB WEATHER: पंजाब में मौसम को लेकर NDMAEW ने जारी किया अलर्ट

You may also like