जम्मू-कश्मीर, 22 अप्रैल 2025: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। सामने आ रही रिपोर्टों में बताया गया कि आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की है।
मिली जानकारी के अनुसार आतंकी हमले में चार पर्यटक घायल हुए हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मार्च में बर्फबारी के बाद सैकड़ों पर्यटक जम्मू-कश्मीर घूमने पहुंचे हैं। ऐसे में पहलगाम में ट्रैकिंग के लिए आए पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई है। सूत्रों के अनुसार, पर्यटक राजस्थान से कश्मीर घूमने आए थे। पर्यटक एक पहाड़ पर ट्रैकिंग के लिए जा रहे थे। तभी इलाके में छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
कश्मीर में कुछ ही दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है और इस यात्रा के लिए बेस कैंप पहलगाम में ही बनाया जा रहा है। गर्मी के कारण कश्मीर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे में इस आतंकी हमला के कारण कश्मीर घूमने गए अन्य पर्यटकों की जान भी खतरे में पड़ गई है। इसके साथ ही आगामी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पर्यटकों पर इस तरह के हमलों से कश्मीर में व्यापार उद्योग पर भी असर पड़ेगा।
ये भी देखे: जम्मू-कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर समेत 3 आतंकी ढेर