पबजी के कारण तीन युवाओं ने गंवाई अपनी जान
रेलवे ट्रैक पर बैठकर खेल रहे थे गेम
नई दिल्ली, 3 जनवरी : आनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म पबजी के कारण आज तीनअन्य युवाओं ने अपनी जान गंवा दी है। बता दें कि पबजी गेम के कारण पहले भी कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। अब ताजा मामले में तीन युवा रेलगाड़ी की चपेट में आ गए हैं। जानकारी के अनुसार बिहार के बेतिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें पबजी गेम खेलते हुए तीन किशोरों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड के पास हुआ। मृतकों में मोहम्मद अली का बेटा फुरकान आलम, मोहम्मद टुनटुन का बेटा समीर आलम और हबीबुल्लाह अंसारी शामिल हैं। घटना के समय तीनों किशोर रेलवे ट्रैक पर बैठकर पबजी खेल रहे थे और उनके कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। इस कारण वे ट्रेन की आवाज नहीं सुन सके। डेमो पैसेंजर ट्रेन, जो मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज जा रही थी, अचानक आ गई और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुखद घटना से तीनों किशोरों के परिवारों में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पर इस तरह की लापरवाही न करें। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सदर एसडीपीओ विवेक दीप और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिजन शवों को घर ले गए, जबकि पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा उन्होंने ऐसी हरकतें ना करने की भी अपील की।
76