प्रधानमंत्री जो भी फैसला लेंगे मैं उसका पालन करुंगा : एकनाथ शिंदे

by TheUnmuteHindi
प्रधानमंत्री जो भी फैसला लेंगे मैं उसका पालन करुंगा : एकनाथ शिंदे

मुंबई, 28 नवंबर :महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि ‘मैंने कल प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को फोन किया था और उनसे (मुख्यमंत्री पद पर) फैसला करने को कहा था। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे जो भी निर्णय लेंगे, मैं उसका पालन करूंगा।’ शिंदे ने कहा कि हमारी तरफ से कोई अड़ंगा नहीं है। बता दें कि उन्होंने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जिसे भी राज्य का अगला सीएम घोषित करेगा, वह उसका पूरी तरह समर्थन करेंगे। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम भाजपा का ही बनेगा। शिंदे ने उन खबरों को खारिज कर दिया कि दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से वह निराश हैं। उन्होंने कहा, मेरे लिए सीएम (चीफ मिनिस्टर) का मतलब कॉमन मैन (सीएम) है। यह पूछे जाने पर कि नये मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री कौन होगा, शिंदे ने कहा कि अमित भाई के साथ दिल्ली में कल बैठक है, उसमें सभी संबंधित निर्णय लिए जाएंगे। इस बीच, महाराष्ट्र में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने बुधवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को राज्य विधानसभा में विधायक दल के नेता और मुख्य सचेतक के चयन के लिए अधिकृत किया।

You may also like