लखनऊ, 03 सितंबर 2025: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। हजरतगंज की मल्टी लेवल पार्किंग के प्रथम तल पर खड़ी एक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी से पुलिस ने करीब 20 किलो गोमांस बरामद किया। गाड़ी के मालिक मोहम्मद वासिफ (35), निवासी गुईन रोड, थाना अमीनाबाद, को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी शिवानी सिंह ने अपनी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की और गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिग्गी में कई कैरी बैग मिले, जिनमें कपड़े और जूते-चप्पल के बीच बर्फ में लपेटकर रखा गया गोमांस बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी को सील कर कब्जे में ले लिया और मांस को जांच के लिए भेज दिया।
हजरतगंज के एसीपी विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मो. वासिफ के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में वासिफ ने बताया कि वह गोमांस को कहीं सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोमांस कहां से लाया गया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या वासिफ किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है।
ये भी देखे: लखनऊ में भारत-पाक तनाव के बीच हाई अलर्ट, पुलिस की छुट्टियां रद्द