54
नई दिल्ली, 13 नवंबर : तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले में मंगलवार देर रात लौह अयस्क ले जा रही मालगाड़ी के 11 डिब्बे राघवपुरम और रामागुंडम के बीच पटरी से उतर गए, जिस कारण वहां 20 यात्री ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियोंं ने बताया कि एससीआर जोन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण 20 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जिनमें से चार ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गईं और 10 के मार्ग में परिवर्तन किया गया। इसके अलावा दो ट्रेनों का समय बदल दिया गया और तीन को गंतव्य पर पहुंचने से पहले रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पटरी को दुरुस्त करने और रेल यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं, जिसको लेकर कार्य चल रहा है।