लखनऊ, 27 अक्टूबर 2025: दीपावली की धूम खत्म होते ही सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिर से अपना ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम शुरू किया। लखनऊ में आयोजित इस आयोजन में प्रदेश के कोने-कोने से आए सैकड़ों पीड़ितों ने अपनी परेशानियां सीधे सीएम के सामने रखीं। योगी ने हर एक से मुलाकात की और उनकी बातें ध्यान से सुनीं और तुरंत संबंधित अफसरों को निर्देश दिए कि तय समय के अंदर मुद्दे का सही समाधान हो। साथ ही पीड़ितों से फीडबैक भी लिया जाए। इस दौरान करीब 50 से ज्यादा लोगों ने अपनी फरियादें बयां कीं।
मिलने के बाद योगी ने साफ कहा, “आपकी सेवा ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।” एक मामले में जब पीड़ितों ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायत की, तो सीएम ने फौरन जांच के आदेश दिए और कब्जा हटाने की कार्रवाई तत्काल शुरू करने को कहा।
वहीं, दूसरे पीड़ित ने इलाज के खर्च के लिए आर्थिक मदद मांगी। इस पर योगी ने अस्पताल से तुरंत एस्टिमेट मंगवाने को हिदायत दी और कहा, “पैसे की तंगी से किसी का इलाज बीच में न रुके। सरकार हर जरूरतमंद के स्वास्थ्य के लिए हमेशा खड़ी है।”
ये भी देखें: योगी का फायर सर्विस पर बड़ा ऐलान, फायर सर्विस में जल्द बनेगी स्पेशलाइज्ड यूनिट