यमुनानगर, 21 नवंबर 2025: यमुनानगर जगाधरी के पौंटी स्थित किसान राइस मिल में धान-चावल की करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। हैफेड की जांच में 4.57 करोड़ रुपये मूल्य का सरकारी चावल गायब मिलने के बाद मिल मालिक जावेद खान के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई। विभाग ने पहले ही उनकी 32 कनाल जमीन (करीब 8 करोड़ रुपये कीमत) अटैच कर ली। अब मिलर के परिवार और रक्त संबंधियों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू हो गए हैं।
हैफेड के अनुसार वर्ष 2024-25 में किसान राइस मिल को 68,823 क्विंटल धान कस्टम मिलिंग के लिए आवंटित किया गया था। मिलर को 9,994.665 क्विंटल चावल जमा करना था या उसकी राशि देनी थी। लेकिन न तो चावल जमा हुआ और न ही पैसे। कई नोटिस जारी करने के बावजूद मिलर ने भुगतान नहीं किया। इसलिए विभाग ने अटैचिंग का कदम उठाया। जिला हैफेड अधिकारी उधम सिंह ने बताया कि जावेद खान के नाम दर्ज संपत्ति जब्त हो चुकी है। अब परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की प्रॉपर्टी की जांच चल रही है। यह देखा जा रहा है कि कहीं घोटाले का पैसा वहां तो नहीं लगाया गया।
ये भी देखे: कैथल मंडी में धान खरीद का संकट, तकनीकी गड़बड़ी से गेट पास रुके, किसान-मिलर्स परेशान