जहानाबाद, 17 जून 2025: बिहार के शकुराबाद थाना क्षेत्र के गुलाबगंज गांव में पुलिस ने छापेमारी कर दो पिस्टल और दो गोलियां बरामद की हैं। मामला दहेज उत्पीड़न और धमकी का है, जिसमें पीड़िता नसरीन खातून ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नसरीन ने पुलिस को बताया कि उनके पति अंकित कुमार, ससुराल पक्ष के राहुल कुमार, रोहित कुमार और राहुल की पत्नी ने उनसे 10 लाख रुपये दहेज की मांग की।
दहेज न देने पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी
मना करने पर अंकित और राहुल ने पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। नसरीन ने यह भी बताया कि अंकित के साथ दो साल के प्रेम संबंध के बाद 12 जून 2025 को गुलाबगंज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में रहने लगीं, लेकिन सोमवार सुबह ससुराल वालों ने दहेज के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
डर के मारे नसरीन ने पैसे लाने की बात मान ली, लेकिन मौका पाकर वह थाने पहुंची और अपर थानाध्यक्ष को पूरी घटना बताई। इसके बाद एसआई ललित कुमार, रामचंद्र प्रसाद और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नसरीन ससुराल पहुंची। पुलिस को देखते ही अंकित और अन्य लोग फरार हो गए। घर की तलाशी में एक बैग से दो पिस्टल और दो गोलियां मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
एसआई ललित कुमार ने बताया कि नसरीन की शिकायत पर अंकित कुमार, राहुल कुमार, रोहित कुमार और राहुल की पत्नी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हथियार से धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।
ये भी देखे: Siwan News: दहेज के लिए पति ने गर्भवती पत्नी का घोंटा गला, हुआ गिरफ्तार