आगरा, 16 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मलपुरा थाना क्षेत्र में डेढ़ साल पहले हुई एक हत्या का राज अब खुला है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 19 वर्षीय युवक राकेश की हत्या उसके ही रिश्ते के फूफा ने की थी।
आरोपी ने नाबालिग फूफेरी बहन का नहाते हुए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के कारण गुस्से में आकर युवक का गला घोंट दिया और शव को नीले प्लास्टिक ड्रम में भरकर पेट्रोल डालकर जला दिया। मुख्य आरोपी देवीराम को 15 सितंबर 2025 को जगदीशपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका नाबालिग भतीजा नित्य किशोर अभी फरार है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अतुल शर्मा ने बताया कि यह घटना 18 फरवरी 2024 की है। राकेश ककुआ क्षेत्र का निवासी था और वह शादी के एक कार्यक्रम में वीडियो बनाने गया था, जहां से लापता हो गया। उसके पिता लाल सिंह ने 20 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी समय सैंया क्षेत्र के खेत में एक अधजला शव मिला था, जिसकी पहचान डीएनए जांच से राकेश के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि देवीराम (पुत्र शंकर सिंह, निवासी कबूलपुर, मलपुरा) ने राकेश को अपनी दुकान पर बुलाया। वहां पीछे से मफलर और तार से गला घोंट दिया। फिर अपने नाबालिग भतीजे नित्य किशोर की मदद से शव को ड्रम में भरा और लोडर वाहन से खारी नदी किनारे सुनसान इलाके ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए राकेश का मोबाइल, मफलर और तार नदी में फेंक दिए गए, जबकि बाइक हाईवे किनारे छोड़ दी गई। आरोपी दुकान बंद कर दिल्ली भाग गया और वहां नौकरी करने लगा।
ये भी देखे: रबूपुरा में विधवा महिला ने दामाद पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, ब्लैकमेल कर बनाया अश्लील वीडियो