चंडीगढ़, 19 फरवरी 2026: India AI Summit 2026 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि भारत भी 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाए। मैक्रों ने कहा कि फ्रांस ने इस दिशा में कदम उठा लिया है और अब वे इस रास्ते पर आगे निकल चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी भी इसी रास्ते पर चलेंगे और बच्चों की सुरक्षा के लिए मजबूत कदम उठाएंगे।
मैक्रों ने कहा- “बच्चों और किशोरों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी भी इस क्लब में शामिल होंगे।”
उन्होंने आगे कहा- “बच्चों की सुरक्षा कोई नियम नहीं बल्कि सभ्यता है।”
मैक्रों ने भारत की डिजिटल क्रांति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- “10 साल पहले मुंबई में एक स्ट्रीट वेंडर अपना बैंक खाता नहीं खोल सकता था। लेकिन आज वही वेंडर अपने फोन पर पेमेंट लेता है। भारत ने कुछ ऐसा बनाया है जो विश्व के किसी भी देश ने नहीं किया है। भारत ने 1.4 अरब लोगों के लिए डिजिटल पहचान बनाई है। एक पेमेंट सिस्टम जो अब हर महीने 20 अरब का लेन-देन कराता है। एक हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर जिसने 50 करोड़ डिजिटल स्वास्थ्य आईडी जारी की हैं।”